मुख्यमंत्री 17 मार्च दोपहर 2 बजे पेश करेंगे वित्तीय वर्ष, 2025-26 का बजट : पठानिया

Spread the love

शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में भी इस बार व्यवस्था परिवर्तन की झलक देखने को मिलेगी। इसके तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस बार 17 मार्च को दोपहर 2 बजे वित्तीय वर्ष, 2025-26 का बजट पेश करेंगे। इससे पहले विधानसभा में सुबह 11 बजे बजट पेश करने की परम्परा थी, लेकिन इस बार बजट दोपहर 2 बजे पेश होगा। सदन में 26 मार्च को वित्तीय वर्ष, 2025-26 का बजट पारित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का अभिभाषण भी दोपहर 2 बजे होगा। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान संसद और विधानसभा में शनिवार को अवकाश होता है, लेकिन हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शनिवार को भी काम होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रदेश विधानसभा देश की उन चुनिंदा विधानसभाओं में शामिल है, जहां पर 1 कलैंडर वर्ष में 35 बैठकें होती है। विधानसभा अध्यक्ष ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा के जिन 9 विधायकों विपिन सिंह परमार, सतपाल सिंह सत्ती, डा. हंसराज, विनोद कुमार, सुरेंद्र शौरी, त्रिलोक जम्वाल, इंद्र सिंह गांधी, लोकेंद्र कुमार और दीपराज कपूर पर पिछले बजट सत्र के दौरान सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप है, उनसे जुड़े मामले पर वह अपना निर्णय तभी देंगे जब सदन में यह विषय उठेगा। उन्होंने कहा कि सदन से जुड़े विषय पर वह बाहर कोई निर्णय नहीं सुना सकते।
सांसद हर्ष महाजन से जुड़ा मामला विचाराधीन
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन न अवमानना के मामले में अपना जवाब दे दिया है। उन्होंने अपने जवाब में कहा है कि उनकी तरफ से किसी भी ऐसे शब्द का प्रयोग नहीं किया, जिससे विधानसभा अध्यक्ष पद की गरिमा को ठेस पहुंची हो। यह मामला भी विधानसभा के विचाराधीन है और सही समय पर निर्णय लिया जाएगा।
अब तक 963 विधायकों ने प्रश्न पूछे, 24 सूचनाएं भी चर्चा को मिली
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि बजट सत्र का शुभारंभ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण के साथ होगा। राज्यपाल के अभिभाषण पर 11 से 13 मार्च तक चर्चा होगी। सत्र में कुल 16 बैठकें होगी। इस तरह 10 से 28 मार्च तक चलने वाले सत्र के लिए अब तक 963 प्रश्न पूछे गए हैं, जिसमें 737 तारांकित और 226 प्रश्न तारांकित प्रश्न शामिल है। तारांकित प्रश्नों में से 680 प्रश्न ऑनलाइन और 57 ऑफलाइन पूछे गए हैं। सदस्यों ने 226 अतारांकित प्रश्नों में से 223 ऑनलाइन और 3 ऑफलाइन पूछे हैं। सत्र में 22 और 27 मार्च को गैर सरकारी दिवस होगा। सदन में अब तक 24 सूचनाएं चर्चा के लिए मिली है। इसमें नियम-62 के तहत 9, नियम-101 के अंतर्गत 5 और नियम-130 के तहत 10 सूचनाएं चर्चा के लिए प्राप्त हुई है।
9 को सर्वदलीय बैठक, पक्ष-विपक्ष से सहयोग की अपील
विधानसभा अध्यक्ष ने कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि रविवार 9 मार्च को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें पक्ष और विपक्ष से सदन में सार्थक चर्चा की अपील की जाएगी। बैठक के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया तथा सदस्य एवं मुख्य सचेतक (प्रतिपक्ष) सुखराम चौधरी को शामिल होने का न्यौता दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सदन में नियमों की परिधि में रहकर सार्थक चर्चा होनी चाहिए, जिसके लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा।
20 मिनट का होगा शून्यकाल
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रश्नकाल के तुरंत बाद शून्यकाल होगा, जिसकी समय अवधि 20 मिनट रहेगी। इसमें 1 विधायक केवल 1 ही प्रश्न पूछ सकता है, जिसकी अवधि 3 मिनट से ज्यादा नहीं होगी।