September 20, 2024

हिमाचल विधानसभा में हाई वोल्टेज ड्रामा, 15 भाजपा विधायक निष्कासित

Spread the love

शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में बुधवार को हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन की तरफ से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित 15 विधायकों के निष्कासन के प्रस्ताव को लाया गया। इसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के अलावा विपिन सिंह परमार, रणधीर शर्मा, लोकेंद्र कुमार, विनोद कुमार, हंसराज, जनकराज, बलबीर वर्मा, त्रिलोक जम्वाल, सुरेंद्र शौरी, दीपराज, पूर्ण चंद, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर और रणवीर सिंह के नाम शामिल थे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विधायकों के निष्कासन पर सदन की मुहर लगाई और विपक्षी विधायकों को सदन से बाहर जाने का आग्रह किया। जब विपक्ष के विधायक सदन से बाहर जाने को राजी नहीं हुए, तो मार्शलों को बुलाकर बाहर निकालने के आदेश दिए गए। इसमें जब मार्शल नेता प्रतिपक्ष को उठाने का प्रयास करने लगे तो भाजपा विधायकों ने इस पर अपनी आपत्ति दर्ज की। हालांकि कुछ विधायकों को जबरन सदन से बाहर उठाकर ले जाया गया। निष्कासन के निर्णय के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही को जब दोपहर 12 बजे तक स्थगित किया, तो पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई और कुछ भाजपा विधायकों ने सदन में पड़ी प्रतियां इधर-उधर फैंकी। इस दौरान अध्यक्ष के आसन के पास पड़ी प्रतियों को भी सदन में फैंका गया। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी विपक्षी विधायकों से सदन से बाहर जाने का आग्रह करते देखते गए। बाद में जब सदन की कार्यवाही शुरू नहीं हुई तो नेता प्रतिपक्ष सहित भाजपा विधायक दोपहर 1.15 बजे सदन से उठकर बाहर चले गए। इसके बाद दोपहर 2.10 बजे कार्यवाही फिर से आरंभ हुई, जिसमें विपक्ष के सदन से निष्कासित नहीं किए जाने वाले विधायक भी सतपाल सिंह सत्ती के साथ छोडक़र बाहर चले गए। इसके बाद विपक्ष की गैर मौजूदगी में वित्त विधेयक को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया तथा विधानसभा की कार्यवाही को 1 दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।