उपराष्ट्रपति प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर निकल सी.एम. से मिलने ओकओवर पहुंचे

Spread the love

शिमला : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान सरकारी प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर निकलकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास ओकओवर में भेंट की। ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री से ओकओवर पहुंचकर मुलाकात की हो। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पारंपरिक किन्नौरी मफलर, हिमाचली टोपी और कांगड़ा चित्र भेंट किए। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और परियोजनाओं को करीब 1 घंटे तक मंथन हुआ। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक संजय अवस्थी, अजय सोलंकी और कमलेश ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
पहले मुख्यमंत्री गए थे उपराष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट करने
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इससे पहले राजभवन में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की थी। उन्होंने उपराष्ट्रपति को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्रदान करने के अलावा प्रदेश सरकार की तरफ से करवाए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की तरफ से हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पाद भी भेंट किए। उन्होंने बताया कि किस तरह से प्रदेश में स्वयं सहायता समूह प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को तैयार करते हैं। बैठक के दौरान सचिव सामान्य प्रशासन राजेश शर्मा, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।