मिशन मौसम के क्रियाशील होने पर मौसम बदलने की मिलेगी की सही जानकारी : डा. जितेंद्र सिंह

Spread the love

शिमला : केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से लांच किए गए मिशन मौसम के क्रियाशील होने से मौसम की सही जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मिशन मौसम शीघ्र ही काम करना शुरू कर देगा। देश में ऑटोमैटिक वैदर स्टेशन (ए.डब्ल्यू.एस.) की संख्या को भी बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण स्तर पर मौसम के बदलते मिजाज की सही जानकारी मिल सकेगी। डा. जितेंद्र सिंह यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बादल फटने की घटना की सही जानकारी देने में आ रही परेशानी को दूर करने की दिशा में काम हो रहा है। मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े शहरों के लोग आज घरों से मौसम की जानकारी लेने के बाद ही छाता लेकर निकलते हैं। इसी तरह देश में बड़े शहरों और प्रदेशों में भी ऐसी जानकारी को उपलब्ध करवाने पर काम रहा है। वैस्ट्रन विंड के बदलने से मौसम बदलता है और वैदर स्टेशनों की संख्या बढऩे से इस कमी को दूर किया जा सकेगा।
किसानों को जानकारी देने का काम शुरू
डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों को मौसम की सही जानकारी देने का काम शुरू किया गया है। इससे कृषि क्षेत्र को बढ़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली का दायरा अब एन.सी.आर. के रुप में हरियाणा से उत्तर प्रदेश तक बढ़ गया है। ऐसे में एन.सी.आर. सहित अन्य शहरों में लैबल ऑफ एक्यूरैसी पर काम किया जा रहा है।
हिमाचल में आपदा की सही जानकारी देने पर हो रहा काम
केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी मौसम की सही जानकारी देने पर काम किया जा रहा है। शिमला का मौसम केंद्र ब्रिटिश समय का है, जिसको सुधारने का काम किया जा रहा है। समय के साथ मौसम की भविष्यवाणी की जानकारी देने में स्टीकता आएगी।