भगवंत मान एक जोकर, जो कभी कबूतरबाजी करते थे : रवनीत सिंह बिट्टू

Spread the love

शिमला : केंद्रीय रेलवे एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कभी कबूतरबाजी करते थे। उन्होंने भगवंत मान को तमाशबीन और जोकर कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनके नाम के साथ सिंह लगाना गलत है। रवनीत सिंह बिट्टू ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज पंजाब के हर कोने में एजैंट बैठे हैं, जिस कारण अवैध तरीके से लोग विदेश जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे बच्चे हैं तथा उनको एजैंट के चक्कर में पडऩे और अपनी पूंजी गंवाने की बजाए वैध (लीगली) तरीके से विदेश जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों का विमान अमृतसर में इसलिए उतरा है, क्योंकि एक प्रक्रिया के तहत विमान वहीं पर उतरते आए हैं। भविष्य में भी अमृतसर में ही हर महीने वहां विमान उतरेंगे, जिसमें 200 से 300 यात्री उतरते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के नए राष्ट्रपति ने सत्ता परिवर्तन के बाद यह संदेश देने की कोशिश की है कि कोई अवैध रुप से प्रवेश न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में मिली हार के कारण इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सोचने का विषय है कि पंजाब से आज क्यों अधिकांश लोग गुमराह होकर अवैध तरीके से विदेश जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि डिपोर्ट किए गए भारतीयों में हिमाचल प्रदेश के सिर्फ 2 ही थे और अन्य राज्यों से भी यह संख्या कम थी।
ये देश को बांटने का काम कर रहे
रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि ये लोग देश को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी में एक कहावत है कि अपने सिर में खुद ही मिट्टी डालना और यही काम भगवंत मान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान जब कमेडियन थे, तो इनके ट्रूप में 15 से 20 लोग होते थे और इनका काम उस समय कबूतरबाजी करता होता था। उन्होंने कहा कि इनके ट्रूप में एक सिंगर भी होता था, जिसका वह नाम नहीं लेना चाहते।
मैं पंजाबी हूं पर हिमाचली मुझसे प्यार करते हैं
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि मैं पंजाबी हूं, लेकिन हिमाचली मुझसे प्यार करते हैं। यहां कोई मानव तस्करी करने वाला नहीं है, अगर कोई होगा तो अलग बात है।
दिल्ली चुनाव के लिए फंड जुटाने का आरोप
रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर दिल्ली चुनाव के लिए फंड जुटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान का पंजाब मॉडल फेल हो गया है। मोहल्ला क्लीनिक में सुविधाएं नहीं मिल रही है तथा 80 फीसदी स्कूलों में प्रिंसिपल नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री सिर्फ चुटकुले सुना सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो अधिकारी उनके अनुसार काम नहीं कर रहे हैं, उनको तब्दील किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा करके गलत तरीके से धन की उगाही का रास्ता निकाला जा रहा है।
जयराम के साथ दिल्ली आए सुक्खू
रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि प्रदेश में रेल विस्तार और उनके विभाग से जुड़े किसी भी विषय का समाधान तलाशने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के साथ दिल्ली आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर जब भी उनसे मिलते हैं, तो प्रदेश हित की बात करते हैं।