हिमाचल में नए वोटरों का खुलेगा जन-धन खाता : कराड़
शिमला : केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड़ ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में नए वोटरों के जन-धन खाते खोले जाएंगे। इससे प्रदेश में जन-धन खातों को खोलने के लक्ष्य को सितम्बर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय जन-धन खातों की संख्या राष्ट्रीय औसत से कम है। डॉ. भागवत किशनराव कराड़ प्रदेश भाजपा कार्यालय दीपकमल में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल भी इस अवसर पर उपस्थित थे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि देश में बैंकों का कोई निजीकरण नहीं हुआ है, ऐसे में कर्मचारियों की तरफ से की जाने वाली हड़ताल का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि बैंक कर्मचारी ऐसोसिएशन को किसी तरह की आपत्ति है, तो सरकार उनके साथ वार्ता के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते 5 साल में बैंक की एक भी शाखा नहीं खुली है तथा नई शाखाएं खोलने के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन विषयों को लेकर वह प्रदेश के दौरे पर आए थे, उसकी फिर से समीक्षा करने के लिए जल्द राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने अपने शिमला दौरे के दौरान राज्य स्तरीय बैंकर समिति, नाबार्ड एवं अन्य बैंक के प्रतिनिधियों से बात की है। उन्होंने कहा कि राज्य के 4 ग्रामीण क्षेत्र बैंङ्क्षकग सेवा से नहीं जुड़े हैं, जहां दिन में 4 घंटे सेवाओं को उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से राज्य में 3,500 रेहड़ी-फड़ी वालों को जोड़ा गया है। इस योजना के तहत व्यक्ति अपने व्यवसाय के लिए 10 हजार से 50 हजार तक वित्त मदद प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 4.50 लाख किसान के्रडिट कार्डधारक है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में बैंक की तरफ से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए वित्तीय साक्षरता का आयोजन किया जाएगा। राज्य में ब्लॉक स्तर पर वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के लिए सभी जिलों के लिए वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिसमें से अब तक 6 वैन को उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बहुत अच्छी है तथा बैंक की योजनाओं का लाभ पशुपालकों और मत्स्य पालकों को उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद सुरेश कश्यप ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में और शाखाएं खोलने का आग्रह किया है, जिसके लिए सर्वेक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन समर्थ ऐप को शुरू किया है, जिसके माध्यम से लोग ऑनलाइन ऋ ण प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मिले केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड़ ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश से जुड़े विषयों पर भी केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री से मंत्रणा की।