रेरा अध्यक्ष व सदस्य पद चयन की प्रक्रिया बदली, 10 व 11 को होंगे साक्षात्कार

Spread the love

शिमला : रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) के अध्यक्ष व 2 सदस्यों के चयन को लेकर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया की अध्यक्षता में वाली चयन समिति की बुधवार को होने वाली बैठक टल गई। बैठक के टलने का कारण यह रहा कि चयन समिति अब इन पदों के लिए आवेदकों के 10 व 11 मार्च को साक्षात्कार लेगी। हालांकि आवेदकों की तरफ से साक्षात्कार देना अनिवार्य नहीं है। इस समय अध्यक्ष पद की दौड़ में प्रमुख रुप से मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना तथा मुख्य सूचना आयुक्त (सी.आई.सी.) एवं सेवानिवृत्त मुख्य सचिव आर.डी. धीमान शामिल है। अध्यक्ष पद के लिए साक्षात्कार 10 मार्च व सदस्यों के पद के लिए 11 मार्च को होंगे। इस समय अध्यक्ष पद के लिए 7 व सदस्यों के 2 पदों के लिए 21 आवेदन आए हैं, जिनमें से चयन होना है। चयन समिति में प्रधान सचिव आवास देवेश कुमार एवं प्रधान सचिव विधि शरद कुमार लगवाल भी सदस्य के रुप में शामिल है। अध्यक्ष पद के लिए प्रमुख रुप से दावेदार मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की विजीलैंस क्लीयरैंस को लेकर कुछ आपत्तियां भी दर्ज करवाई गई है। अब देखना यह है कि उनके खिलाफ दर्ज आपत्तियों में कितना दम है। प्रबोध सक्सेना मुख्य सचिव के पद से इसी माह 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद प्रदेश को विधानसभा के बजट सत्र के बाद प्रदेश को नया प्रशासनिक मुखिया मिलेगा। मुख्य सचिव पद की दौड़ में इस समय वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी संजय गुप्ता के अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत और ओंकार चंद शर्मा शामिल है।