हिमाचल से डा. सिकंदर ने ली राज्यसभा सांसद की शपथ

शिमला : हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सांसद डा. सिकंदर कुमार ने मंगलवार को शपथ ग्रहण की। वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ संसद भवन पहुंचे। इस दौरान उनकी माता प्रभा देवी, पत्नी ज्योति, पुत्र निखलेश कुमार व सौरभ बागोडा साथ थे। उन्होंने राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की मौजूदगी में राष्ट्रभाषा ङ्क्षहदी में शपथ ग्रहण की। डा. सिकंदर कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने से पहले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति पद का दायित्व संभाल रहे थे। वह इससे पहले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। डा. सिकंदर कुमार के राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अब हिमाचल प्रदेश से सभी तीनों सांसद भाजपा के हो गए हैं। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं इंदु गोस्वामी प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। डा. सिकंदर कुमार पूर्व केंद्रीय केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा का कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। आनंद शर्मा ने राज्यसभा में 3 बार हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। पहली बार वह वर्ष, 1984-90, दूसरी बार 2004-10 तथा तीसरी बार वर्ष, 2016 से 2 अप्रैल, 2022 तक राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। वह कुल मिलाकर 4 बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश सोशल बॉडीज फेडरेशन के अध्यक्ष आर.के. शर्मा ने डा. सिकंदर कुमार को राज्यसभा के सांसद के रुप में शपथ लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बसे प्रवासी हिमाचलियों का उनको पूरा सहयोग मिलेगा।