आर्थिक रुप से गला घोंटने का प्रयास कर रही केंद्र सरकार : हर्षवर्धन

शिमला : उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश का आर्थिक रुप से गला घोंटने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा का आप्रेशन लोट्स फेल हो गया तो, केंद्र से मिलने वाली वित्तीय मदद पर कैंची को चलाया गया। हर्षवर्धन चौहान यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वित्तीय मदद रोकने से भाजपा के मंसूबे सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को बीते 4 वर्ष में राजस्व घाटा अनुदान राशि में 7 से 8 हजार करोड़ रुपए की कटौती की गई। इसके अलावा 9 हजार करोड़ रुपए के आपदा राहत आकलन के बाद प्रदेश को 200 से 250 करोड़ रुपए नहीं मिले। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करते हैं कि केंद्र सरकार मदद कर रही है, लेकिन तथ्य इसके विपरीत है। जहां तक प्रधानमंत्री ग्रामीण संडक़ योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की बात है, तो यह हिमाचल प्रदेश का हक है। इसमें मदद करके केंद्र सरकार कोई अहसान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हिमाचली हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि आपदा में मदद को लेकर जब विधानसभा में प्रस्ताव पारित किया गया, तो उस समय भाजपा सरकार के साथ खड़ी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने विरात में कर्मचारियों की 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय देनदारियों को छोड़ा। इसके अलावा जाते-जाते बिना भाजपा ने प्रदेश के खजाने से 5,000 करोड़ रुपए नए संस्थानों को खोलने के नाम पर लुटाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार राजस्व संसाधन जुटा रही है तथा प्रदेश में विकास की गति को धीमा नहीं होने दिया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को कमजोर कर रही भाजपा
हर्षवर्धन चौहान ने आरोप लगाया कि नैशनल हेराल्ड जैसे मामले उठाकर भाजपा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को कमजोर करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ चट्टान की तरह खड़ी है तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को कमजोर करने के भाजपा के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे।