हिमाचल की जनता परेशान, जन कल्याण के सारे काम ठप्प : मोदी

चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हरियाणा दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हरियाणा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता परेशान है, क्योंकि वहां जन कल्याण के सारे काम ठप्प पड़े हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पड़ौस यानी हिमाचल प्रदेश की जनता सरकार के निर्णयों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस की सरकारों ने अपने वायदों के विपरीत कार्य किया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के साथ कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए संविधान के विरुद्ध कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहिब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की मनाही है, लेकिन कर्नाटक ने एस.सी., एस.टी. और ओ.बी.सी. वर्ग का आरक्षण छीनकर इसके विपरीत काम किया है। धर्म के आधार पर आरक्षण प्रदान करके कांग्रेस सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रही है, लेकिन इसी कांग्रेस ने मुस्लिम समुदाय के हितों की अनदेखी की है। अब केंद्र सरकार ने वक्फ कानून में संशोधन करके इस वर्ग के हित में निर्णय लिया है।