हिमाचल के 2 आई.ए.एस. व 1 एच.ए.एस जाएंगे विदेश

शिमला : हिमाचल प्रदेश के 2 आई.ए.एस. सचिव कृषि व एल.ए.सी. राकेश कंवर तथा निदेशक बागवानी डॉ. आर.के. पुरूथी व 1 एच.ए.एस अधिकारी प्रबंध निदेशक हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड नरेश ठाकुर विदेश दौरे पर जा रहे हैं। इनके साथ विश्व बैंक के दो प्रतिनिधि तथा 2 बागवानी के वरिष्ठ अधिकारी भी जा रहे हैं। यह अधिकारी 1134 करोड़ के विश्व बैंक प्रोजैक्ट के तहत आस्ट्रिया व इटली के साऊथ पैरोल एक्सपोजर पर जा रहे हैं। यह अधिकारी 13 मई से 23 मई तक विदेश दौरे पर रहेंगे। अधिकारियों के विदेश दौरे पर जाने के कारण 2 अधिकारियों को उनके विभागों का अतिरिक्त जिमा सौंपा है। इसके तहत सचिव पशुपालन, सहकारिता व मतस्य डॉ. अजय कुमार शर्मा को सचिव कृषि व एल.ए.सी का तथा प्रबंध निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड राजेश्वर गोयल को निदेशक बागवानी तथा सी.ई.ओ. कम सचिव हिमुडा का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। उधर हिमाचल में आर्थिक संकट के बीच यह अधिकारी विदेश जा रहा है। प्रदेश पर करीब 65 हजार करोड़ रूपए का कर्जा है।
याद रहे कि 1134 करोड़ रूपए का विश्व बैंक प्रोजैक्ट अगले साल जून माह में समाप्त हो रहा है। इस प्रोजैक्ट के तहत 34 बागवानी विस्तार अधिकारियों के भी सर्बिया जाने का कार्यक्रम है। अधिकारियों के विदेश दौरे को लेकर बागवानी संघों ने सवाल भी खड़े किए थे। बागवानी संघों के विरोध को देखते हुए बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बागवानों को भी विदेश भेजने का ऐलान किया है।