पूर्व मंत्री किशन कपूर का निधन

शिमला : हिमाचल की सियासत में करीब 5 दशक तक अपनी छाप छोडऩे वाले, 3 बार प्रदेश सरकार में मंत्री एवं 1 बार सांसद रहे किशन कपूर (73) के निधन से प्रदेश गमगीन है। राजनीति में उनकी छवि एक ईमानदार एवं मेहनतकश नेता के रुप में रही। उनका सियासी सफर वर्ष, 1970 में जनसंघ व जनता पार्टी के सदस्य के रुप में शुरू हुआ। इसके बाद वर्ष, 1978 में युवा मोर्चा के सचिव बने और वर्ष, 1990 में धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रुप में पहला चुनाव जीता। उन्होंने वर्ष, 1993 में दूसरी बार, वर्ष, 1998 में तीसरी बार, वर्ष, 2007 धर्मशाला से चौथी बार और वर्ष, 2017 में पांचवीं बार विधानसभा चुनाव जीता। उनको 2 बार प्रो. प्रेम कुमार धूमल एवं 1 बार जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री के रुप में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने मंत्री के रुप में परिवहन, कानून मंत्री, उद्योग, खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग रहे। जयराम सरकार में जब वह मंत्री थे, तो उनको कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने प्रत्याशी बनाया। उन्होंने इस दौरान रिकार्ड 4,77,423 वोट से जीत दर्ज की थी।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री व भाजपा नेताओं ने शोक जताया
पूर्व मंत्री व सांसद रहे किशन कपूर के निधन पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने शोक जताया है। अपने शोक संदेश ने सभी दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की है। सबने विकास कार्यों में किशन कपूर के योगदान को याद किया।