हिमाचल के 2 दिवसीय दौरे पर कल पांवटा पहुंचेंगे नड्डा

Spread the love

शिमला : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अपने 2 दिवसीय दौरे पर शनिवार को पांवटा साहिब पहुंचेंगे। यहां पर उनका हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह नाहन जाएंगे, जहां पर इसी तरह के दूसरा कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वह सायं शिमला पहुंचने के बाद रविवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा भाजपा के अन्य बड़े नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इन कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। उनके दौरे को देखते हुए भाजपा नेता तैयारियों में जुट गए हैं। नड्डा अपने दौरे के दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सकते हैं। इसमें प्रदेश सरकार की सत्ता में वापसी को सुनिश्चित करने सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी। वह प्रदेश के भाजपा नेताओं को संगठनात्मक कार्यों के लिए निर्देश भी जारी कर सकते हैं, जिसके आधार पर आगामी समय में पार्टी स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
नड्डा के बाद दूसरे नेताओं के हिमाचल आने की संभावना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बाद पार्टी के दूसरे नेताओं के प्रदेश आने की संभावना है। यह प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। चुनाव से ठीक पहले आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियां गिनवाने के अलावा जनता से जुडऩे का प्रयास करेगी। अब तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ही भाजपा के कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *