September 20, 2024

ई. श्रम पोर्टल पर कामगारों के पंजीकरण को लेकर हिमाचल देश के अग्रणी

Spread the love

शिमला : श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा है कि ई. श्रम पोर्टल पर कामगारों के पंजीकरण को लेकर हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को ई. श्रम पोर्टल पर 20.87 लाख कामगारों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया है। पंजीकरण के मामले में प्रदेश लक्ष्य के करीब है। राज्य में अब तक ई. श्रम पोर्टल पर 19.13 लाख कामगारों का पंजीकरण हो चुका है। असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के मकसद से सरकार ने अटल पेंशन योजना में अंशदान को बढ़ाया है। बिक्रम ठाकुर वीरवार को तिरुपति में आयोजित राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों और श्रम सचिवों के दो दिवसीय राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन में बोल रहे थे। सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित किया। केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने सम्मेलन की अध्यक्षता की। सम्मेलन में बिक्रम सिंह ने केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री को परम्परागत हिमाचली शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कामगारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें विभिन्न लाभ प्रदान करने के दृष्टिगत ई.श्रम पोर्टल विकसित किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा कामगारों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के समान विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं एवं कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अटल पेंशन योजना के तहत राज्य सरकार की मौजूदा अंशदान सीमा को दो हजार रुपये प्रति वर्ष से बढ़ा कर तीन हजार रुपये किया गया है। उन्होंने वर्तमान लाभार्थियों और नए लोगों को पेंशन देने के लिए प्रदेश में अटल पेंशन योजना को आगामी 31 मार्च तक बढ़ाया गया है। वर्ष 2022.23 में इस पर लगभग 20 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। प्रदेश में इस योजना के तहत एक लाख लोगों को पंजीकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *