कुर्सी बचाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे रवनीत सिंह बिट्टू : सुक्खू

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू अपनी कुर्सी बचाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। पंजाब से 2 बार कांग्रेस के सांसद रहते हुए रवनीत सिंह बिट्टू पहले राहुल गांधी के कसीदे पढ़ते थे, लेकिन आज अपने राजनीतिक लाभ के लिए उनके खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश के लिए 2 प्रधानमंत्रियों का बलिदान दिया, उस परिवार के प्रति ऐसी टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को ऐसे नेताओं पर लगाम लगानी चाहिए। इसी तरह की टिप्पणी शिवसेना की तरफ से भी की गई है, जो निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर भारत में चुनाव को देखते हुए जान-बूझकर ऐसी राजनीतिक टिप्पणियां की जा रही है, ताकि जनता को भ्रमित किया जा सके। रवनीत सिंह बिट्टू इस समय राज्यसभा जाना चाहते हैं, जिस कारण वह अपने राष्ट्रीय नेताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए सुर्खियां बटोरना चाहते हैं। राहुल गांधी इस समय देश के एक सम्मानित नेता एवं संसद में नेता प्रतिपक्ष है। उनकी तरफ से निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस मजबूत हुई।
जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार करुंगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह पार्टी के निर्देशानुसार जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। इसके अलावा पार्टी जो भी दायित्व उनको सौंपेगी, उसका दायित्वपूर्ण तरीके से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति जनता की सेवा करने के लिए होती है, लेकिन रवनीत सिंह बिट्टू जैसे नेताओं के लिए यह कुर्सी बचाने का माध्यम है।
लोकतांत्रिक मर्यादाओं का रखा जाना चाहिए ध्यान
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नेताओं को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता को गरिमापूर्ण तरीके से बयानबाजी करके जनता के समक्ष अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने इस बाद पर खेद जताया कि पिछले कुछ समय से राहुल गांधी के खिलाफ सुनियोजित तरीके से विरोधी दलों की तरफ से आधारहीन बयानबाजी की जा रही है।