December 17, 2024

गद्दारों को माफ नहीं करेगी जनता, कांग्रेस टिकट न देती तो विधायक नहीं बन पाते: सुक्खू

Spread the love

रामपुर बुशहर : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को ऊपरी शिमला के दौरे के दौरान कांग्रेस के 6 बागियों और भाजपा को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता गद्दारों को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बागी तभी चुनाव जीतकर विधायक बन पाए हैं, जब कांग्रेस पार्टी ने उनको टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि इन्होंने रात को हमारे साथ खाना खाया और सुबह नाश्ता भी साथ किया, लेकिन राज्यसभा चुनाव में अपना वोट भाजपा को दिया। ऐसे में तो जनता भी गद्दारों को माफ नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा पर धन-बल से लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने बागियों की पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनको कौन नियंत्रित कर रहा है? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे जैसे शांतिप्रिय राज्य में ऐसे मनसूबे कभी सफल नहीं होंगे, क्योंकि यहां की जनता कभी भी अपना ईमान नहीं बेचेगी। साथ ही हिमाचलवासी सदैव सच और ईमानदारी का साथ देते हैं।