57 साल के हुए जयराम ठाकुर, जन्मदिन पर पत्नी व समर्थकों के साथ नाटी डाली

शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने 57वां जन्मदिन के अवसर पर अपने सरकारी आवास ओकओवर में पत्नी डा. साधना ठाकुर व समर्थकों के पहाड़ी लोकवाद्यों की थाप पर सराजी नाटी डाली। उनके जन्मदिन पर कई जगह केक भी काटे गए तथा समर्थकों ने लड्डू बांटकर बधाई भी दी। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर बधाई देने के लिए ओकओवर पहुंचे। इस तरह ओकओवर से लेकर प्रदेश सचिवालय तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, कई केंद्रीय मंत्रियों, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों, भाजपा पदाधिकारियों, विधायकों, निगम-बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों, नगर निगम शिमला की मेयर व पार्षदों, प्रशासनिक अधिकारियों, राजपत्रित एवं अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ से जुड़े पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री की माता ने भी फोन करके बधाई दी तथा अपने बेटे के दीर्घ एवं स्वस्थ्य जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न योजनाओं का होटल पीटरहॉफ से लोकार्पण भी किया।