मंत्रिमंडल में खुल सकता है नौकरियों का पिटारा

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। मानसून सत्र के बाद मंत्रिमंडल की यह पहली बैठक है, जिसमें नौकरियों का पिटारा खुल सकता है। बैठक में स्ट्रीट वैंडर पॉलिसी से जुड़े विषय पर चर्चा हो सकती है। संजौली अवैध मस्जिद विवाद के बाद प्रदेश में रहकर कारोबार करने वाले बाहरी राज्य के लोगों के लिए स्ट्रीट वैंडर पॉलिसी बनाने पर सर्वदलीय बैठक में सहमति बनी थी। ऐसे में यदि यह विषय चर्चा के लिए जाता है, तो इसका प्रारुप सामने आ सकता है या फिर इसके संदर्भ में गठित की जाने वाली समिति के बाद सरकार इस बारे कोई निर्णय ले सकती है। बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग में खाली पदों को भरने का निर्णय लिया जा सकता है। इसके तहत करीब 150 चिकित्सकों की भर्ती को आऊटसोर्स के आधार पर भरे जाने का निर्णय लिया जा सकता है। यदि ऐसा हुआ, तो प्रदेश में पहली बार चिकित्सकों की भर्ती आऊटसोर्स के आधार पर होगी। इसके अलावा शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने तथा डाइट एवं एस.सी.ई.आर.टी. से जुड़े विषय पर चर्चा की संभावना है। वन विभाग में वन रक्षकों के पदों को भरने पर भी निर्णय लिया जा सकता है। इसी तरह विभिन्न विभागों से लाए जाने वाले प्रस्तावों के आधार पर सरकार महत्वपूर्ण निर्णय ले सकती है। मंत्रिमंडल बैठक के बीच प्रदेश के पैंशनर जिला स्तर पर तथा शिक्षित बेरोजगार संघ का प्रदेश सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम है। पैंशनर डी.ए. एवं बकाया एरियर भुगतान की मांग प्रमुख रुप से कर रहे हैं। इसी तरह शिक्षित बेरोजगार पुराने भर्ती परिणाम शीघ्र घोषित करने तथा चयन आयोग को शीघ्र क्रियाशील करके नई भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने की मांग कर रहे हैं। चयन आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों को शीघ्र शपथ दिलाए जाने की संभावना है, जिसके बाद यहां से विधिवत भर्ती प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आगामी समय में जम्मू-कश्मीर में चुनाव प्रचार पर जाने की संभावना है।