14 को मंत्रिमंडल बैठक में मानसून सत्र पर लगेगी मोहर

शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में 14 जुलाई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र पर मोहर लगने की पूरी संभावना है। यह वर्तमान सरकार का अंतिम मानसून सत्र होगा, जिसमें कई संशोधन विधेयकों को भी मंजूरी दी जा सकती है। मंडी मध्यस्थता योजना (एम.आई.एस.) के तहत सेब की खरीद का मूल्य भी निर्धारित किए जाने की संभावना है। सेब का सीजन शुरू होने के बावजूद सरकार अब तक सेब के समर्थन मूल्य निर्धारित नहीं कर पाई है, जिससे बागवानों में भी नाराजगी है। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर की गई घोषणाओं को भी स्वीकृति प्रदान की जा सकती है। इसके तहत स्कूलों एवं चिकित्सा संस्थानों का दर्जा बढ़ाए जाने को अनुमति प्रदान की जा सकती है। राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर इस बार स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रस्तुति दिए जाने की संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि राज्य में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं और इस समय एक्टिव मामलों की संख्या बढक़र 822 हो गई है। इसे देखते हुए प्रदेश में मास्क लगाने को अनिवार्य किए जाने के अलावा अन्य एहतियाती पग उठाए जा सकते हैं। विभिन्न विभागों की तरफ से लाए जाने वाले प्रस्तावों एवं कर्मचारियों से जुड़े विषय भी चर्चा के लिए लाए जा सकते हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण यूनिवर्सिटी एवं कॉलेज के शिक्षकों को यू.जी.सी. स्केल देने का मामला प्रमुख है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसकी घोषणा पहले ही कर चुके हैं। ऐसे में इस विषय को चर्चा के लाकर इसकी स्वीकृति प्रदान की जा सकती है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने एवं सृजित करने की अनुमति भी प्रदान की जा सकती है।