September 20, 2024

कांग्रेस की 10 गारंटियों में नहीं कोई दम, अपने राज्यों में पूरे नहीं किए वायदे : भारद्वाज

Spread the love

शिमला : शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस की 10 गारंटियों में कोई दम नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित सरकारों ने आज तक अपने राज्यों में वायदों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य न तो ओल्ड पैंशन स्कीम को लागू किया है और न ही जनता से किए गए अन्य वायदों को पूरा किया है। सुरेश भारद्वाज यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केंद्र की सत्ता में रहते हुए हिमाचल प्रदेश के हक को छीना है। फिर चाहे मामला विशेष औद्योगिक पैकेज को बंद करने का हो या विशेष श्रेणी के दर्जे को समाप्त करने का हो। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कर्ज लेने की प्रथा कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान की बात करने वाले आज गुडिय़ा मामले को छोटी घटना बता रहे हैं। इसी तरह कांग्रेस के विधायक रोहड़ू की दलित महिला को ठेकेदारों की गोद में बैठने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष, 2021 में पूरे देश में सबसे अधिक दुष्कर्म के 6,337 मामले राजस्थान में दर्ज हुए, जिस पर लडक़ी हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी कोई सवाल नहीं पूछती? इसके विपरीत भाजपा ने सदैव महिला सम्मान की बात कही है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जहां एक आदीवासी महिला को बिठाया गया है, वहीं प्रदेश में महिलाओं का बस किराया आधा करने के अलावा मातृत्व अवकाश अवधि बढ़ाई, मुफ्त रसोई गैस सुविधा उपलब्ध करवाई तथा महत्वपूर्ण त्यौहारों पर अवकाश की व्यवस्था करने के अलावा उस दिन मुफ्त में यातायात की व्यवस्था उपलब्ध करवाई। उन्होंने कहा कि जो मुफ्त बिजली की बात करने वाले नेता यह भूल गए हैं कि वर्तमान सरकार ने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को बागवानों का हितैषी बताने वाली कांग्रेस ने एम.आई.एस. खरीद की राशि को रोकने के अलावा अंतिम वर्ष में खरीद मूल्य में मामूली बढ़ौतरी की। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व सरकार के समय तो सेब तक स्कूटर पर ढोए जाते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कार्टन की कीमत बढऩे पर जी.एस.टी. का खर्च वहन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आज किसान के खातों में सम्मान निधि जा रही है और उनके खेतों तक पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
अग्रिहोत्री-बघेल के बयान में विरोधाभास
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयानों में विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि ओ.पी.एस. को लेकर अग्रिहोत्री कह रहे हैं कि कटोरा लेकर दिल्ली नहीं जाएंगे, जबकि बघेल बोल रहे हैं कि दिल्ली से अपना हक लेकर रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *