September 20, 2024

राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाग लेने हैदराबाद गए जयराम-कश्यप

Spread the love

शिमला : भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी की 2 व 3 जुलाई को होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप हैदराबाद पहुंच गए हैं।  बैठक में हिमाचल प्रदेश और गुजरात में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव तथा आगामी आम चुनाव को लेकर चर्चा होगी। प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं सह प्रभारी संजय टंडन भी इस बैठक में भाग ले रहे हैं। प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना पहले ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक से पहले हैदराबाद पहुंचकर कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने जहां दलित कार्यकर्ता के घर में पहुंचकर भोजन किया, वहीं भद्रकाली मंदिर के दर्शन भी किए। उन्होंने वहां पर ओ.बी.सी. पिछड़ा वर्ग एवं किसान मोर्चा की बैठक में भी भाग लिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में हिमाचल प्रदेश व गुजरात के मसले पर अलग से चर्चा हो सकती है, जिसमें सत्ता एवं संगठन के रिपोर्ट कार्ड पर भी मंथन हो सकता है। भाजपा का लक्ष्य इन दोनों राज्यों में फिर से अपनी सरकार को बनाना है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 4 जुलाई तक वापस शिमला पहुंचने की संभावना है। हैदराबाद रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एन.डी.ए. प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू से भी सोलन जिला के बद्दी में मुलाकात की। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश सरकार के मंत्री एवं भाजपा विधायक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *