सुक्खू मेरे दोस्त पर उनका जो झटका लगा, उसे वह सारी उम्र नहीं भूलेंगे : हर्ष महाजन

शिमला : सांसद हर्ष महाजन ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उनके दोस्त है, लेकिन उनको जो झटका लगा है, उसे वह सारी उम्र नहीं भूलेंगे। उन्होंने कहा कि यह ऐसी गहरी चोट है, जो उनको मूर्छित कर देती है। ऐसे में वह सी.एम. रहे या न रहे, लेकिन इसको कभी भूल नहीं पाएंगे। हर्ष महाजन यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह जैसे नेता अपनी ही सरकार में रोज जलील हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सरकार के मई मंत्री और कांग्रेस विधायक अपनी ही सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। ऐसे में उनको अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भविष्य में कांग्रेस नेताओं को भाजपा में शामिल करने के विकल्प पर सोचा जा सकता है। ऐसा नहीं है कि भाजपा सबको लेने के लिए तैयार बैठी है?
सी.एम. के रवैये से नाराज कांग्रेस विधायकों ने क्रास वोटिंग की
सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने सी.एम. के रवैये से नाराज होकर राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कांग्रेस नेताओं के अलावा समाज का हर वर्ग सरकार के कामकाज से परेशान है। इसका कारण यह है कि हर स्तर पर मिस मैंनेजमैंट है और बाहरी लोगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष में प्रदेश का ऐसा हाल कभी नहीं हुआ, जैसे हालात वर्तमान सरकार के समय बने हुए है। उन्होंने प्रदेश के पेखूवाला और शांगटांग जैसे पॉवर प्रोजैक्टों में भ्रष्टाचार होने के आरोप भी जड़े।
मुख्यमंत्री को प्रदेश से बाहर रहने पर नहीं मिली जानकारी : सुधीर शर्मा
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जब प्रदेश से बाहर होते हैं, तो उनको सरकारी कामकाज की जानकारी नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि सी.एम. ने ऐसा खुद प्रदेश लौटने पर स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि एस.पी. शिमला के पद से छुट्टी पर भेजे गए अधिकारी ने जिस तरह की टिप्पणी उनको लेकर की है, उससे उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को उनकी तरफ से इसकी शिकायत भेजगी गई है, जिसमें नियमों के अनुसार कार्रवाई बनती है। उन्होंने अंदेशा जताया कि जिस तरह की टिप्पणी की गई, उससे स्पष्ट है कि उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की कार्यवाही को उनकी तरफ से सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार सोशल मीडिया पर डाला एवं साझा गया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जो याचिका दायर की गई थी, उसका हाईकोर्ट की तरफ से खारिज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विमल नेगी मौत मामले में सी.बी.आई. जांच से सच्चाई सामने आएगी और पीडि़त परिवार को न्याय मिलेगा। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा को सभी दायित्वों से मुक्त करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।