भाजपा कोर ग्रुप बैठक कल, शिमला पहुंचे धूमल-सौदान सिंह

शिमला : विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक वीरवार को होटल पीटरहॉफ में होगी। इसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनने की संभावना है। भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय एवं कांग्रेस विधायकों के कारण उपजे विवाद पर भी बैठक में मंथन हो सकता है। विशेषकर निर्दलीय विधायकों को पार्टी में शामिल को लेकर कई वरिष्ठ नेताओं ने सवाल उठाए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह व प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना सहित अन्य नेताओं के भाग लेने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा आगामी दिनों में भाजपा में बागियों सहित अन्य नेताओं को शामिल करने को लेकर भी रोडमैप बन सकता है। इसी तरह शिमला पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की तरफ से दिए गए निर्देशों पर अमल करने को लेकर भी रणनीति बनेगी। बैठक में भाग लेने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह शिमला पहुंच गए हैं।