डा. राजीव बिंदल की भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर फिर ताजपोशी

Spread the love

शिमला : डा. राजीव बिंदल की हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद पर फिर से ताजपोशी होगी। वे भाजपा के 15वें अध्यक्ष होंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रुप में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा एवं सह-प्रभारी संजय टंडन विशेष रुप में मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय दीपकमल चक्कर में पार्टी की तरफ से डा. राजीव बिंदल के नाम के 3 सैट भाजपा के चुनाव अधिकारी एवं सांसद डा. राजीव भारद्वाज को प्राप्त हुए। इसका अनुमोदन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा विधायक दल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों ने किया। डा. राजीव भारद्वाज ने बताया कि उनके साथ प्रदेश भाजपा की पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान सह चुनाव अधिकारी के रुप में डा. राजीव सैजल एवं संजीव कटवाल ने सहयोग दिया। भाजपा राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य के रुप में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सभी सांसद जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, डा. राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डा. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन राष्ट्रीय परिषद के पदेन सदस्य निर्वाचित हुए है। इस नामांकन प्रक्रिया के दौरान राष्ट्रीय परिषद के सदस्य के लिए 8 नामांकन प्राप्त हुए, जिसमें पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर व डा. राजीव सैजल, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा एवं त्रिलोक कपूर एवं विधायक पवन काजल के अलावा पायल वैद्य व संजीव कटवाल शामिल है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के निर्वाचित होने की औपचारिक घोषणा करेंगे। इसी तरह राष्ट्रीय परिषद के लिए सदस्य के रुप में 8 सदस्यों के नामांकन पर भी मुहर लगेगी।
बिंदल तीसरी बार संभालेंगे अध्यक्ष की कुर्सी
5 बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए डा. राजीव बिंदल तीसरी बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की कुर्सी संभालेंगे। प्रो. प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली सरकार में डा. राजीव बिंदल स्वास्थ्य मंत्री एवं जयराम ठाकुर सरकार के समय हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर सोलन नगर परिषद से अध्यक्ष से शुरू हुआ तथा इसके बाद 3 बार सोलन विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए। सोलन विधानसभा क्षेत्र आरक्षित होने के बाद डा. राजीव बिंदल 2 बार नाहन विधानसभा से निर्वाचित हुए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्षों की सूची
नाम कार्यकाल
गंगा सिंह ठाकुर 1980-1984
नगीन चंद्र पाल 1984-1986
शांता कुमार 1986-1990
महेश्वर सिंह 1990-1993
प्रो. प्रेम कुमार धूमल 1993-1998
सुरेश चंदेल 1998-2000
जयकृष्ण शर्मा 2000-2003
सुरेश भारद्वाज 2003-2007
जयराम ठाकुर 2007-2009
खीमी राम शर्मा 2009-2012
सतपाल सिंह सत्ती 2012-2020
डा. राजीव बिंदल 18 जनवरी, 2020 से 27 जनवरी, 2020
सुरेश कश्यप 22 जुलाई, 2020 से 21 अप्रैल, 2023
डा. राजीव बिंदल 24 अप्रैल, 2023 से अब तक