हिमाचल भाजपा को 1 जुलाई को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष

शिमला : हिमाचल प्रदेश भाजपा को 1 जुलाई का नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 30 जून को पूरी कर ली जाएगी तथा 1 जुलाई को नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग जाएगा। केंद्रीय मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त डा. जितेंद्र सिंह इसके लिए शिमला आएंगे तथा अध्यक्ष पद के नाम की घोषणा करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ 1 ही नेता का नामांकन भरा जाएगा, जिसके लिए वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का नाम आगे चल रहा है। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए एक समय नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का नाम भी सुर्खियों में आया था। साथ ही सांसद डा. राजीव भारद्वाज व डा. सिकंदर कुमार के अलावा विधायक त्रिलोक जमवाल के नाम सुर्खियों में रहे हैं। हालांकि भाजपा में जब तक किसी नेता के नाम की घोषणा नहीं हो जाती, तब तक कुछ भी कहना संभव नहीं है। कई मौकों पर देखा गया है कि भाजपा ने प्रदेशों में मुख्यमंत्री पद से लेकर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए ऐसे नेताओं के नाम आगे किए हैं, जिनकी चर्चा नहीं थी। ऐसे में भाजपा हाईकमान जिस नाम को स्वीकृति प्रदान करेगा, पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव उसी के नेतृत्व में लड़ेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चयन में जनवरी माह से लेकर अब तक विभिन्न कारणों से देरी हुई है। इसमें कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव एवं ऑप्रेशन सिंदूर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात बनना भी एक कारण रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर चुना जाना है नड्डा का विकल्प
भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर भी मौजूदा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के विकल्प को चुना जाना है। राष्ट्रीय स्तर पर नए अध्यक्ष का चयन तभी होगा, जब प्रदेश स्तर पर 50 फीसदी से अधिक अध्यक्ष चुन लिए जाते हैं। इसके अलावा भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर नए अध्यक्ष का चयन करने के लिए बिहार विधानसभा चुनाव प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर सकती है।