जयराम ठाकुर का नया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनना लगभग तय

शिमला : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का नया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनना लगभग तय है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनके नाम पर मुहर लग गई है तथा अब औपचारिक घोषणा होना बाकी है। इससे पहले अध्यक्ष पद की दौड़ में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का नाम सबसे आगे चल रहे थे, लेकिन बदले सियासी समीकरण के बीच जयराम ठाकुर को पार्टी हाईकमान यह दायित्व सौंपने की तैयारी कर रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर दिल्ली बुलाए गए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से इस विषय को लेकर चर्चा की है। यानी भाजपा ऐसे नेता को अगला प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहती है, जिसके नेतृत्व में आगामी विधानसभा के चुनाव लड़े जाएं। नए प्रदेश अध्यक्ष को अपने विधानसभा क्षेत्र के अलावा सभी विधानसभाओं में चुनाव प्रचार के लिए समय निकालना होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के लिए हाईकमान की तरफ से नियुक्त किए गए चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह अब शिमला आएंगे। इसके बाद निश्चित प्रक्रिया को अपनाए जाने के बाद वह नए प्रदेश अध्यक्ष करेंगे।
जयराम ठाकुर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान सौंपे जाने पर नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी छोडऩी होगी। इस स्थिति में नेता प्रतिपक्ष के लिए 3 विकल्प प्रमुख रुप से उभरकर सामने आए हैं। इसमें विपिन सिंह परमार, बिक्रम सिंह और सतपाल सिंह सत्ती शामिल है। यानी यदि कांगड़ा जिला पर बात अटकी तो विपिन सिंह परमार और बिक्रम सिंह में से किसी नेता नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है। अन्यथा पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती के नाम को भी इसके लिए आगे बढ़ाया जा सकता है।
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन सप्ताह के भीतर किए जाने की पूरी संभावना है। यानी फरवरी माह में भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना लगभग तय है। प्रदेश अध्यक्ष चयन से पहले भाजपा की तरफ से सभी 171 मंडलों एवं 17 संगठनात्मक जिलों में अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है। इस चयन प्रक्रिया से पहले भाजपा की तरफ से सदस्यता अभियान चलाया गया था।