भाजपा हाईकमान ने जयराम ठाकुर व राजीव बिंदल को दिल्ली बुलाया

शिमला : दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा हाईकमान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल को दिल्ली बुलाया है। दोनों नेताओं को दिल्ली बुलाए जाने के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन का लेकर सियासत गरमा गई है। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान दोनों नेताओं से प्रदेश अध्यक्ष के विषय को लेकर चर्चा कर सकता है। इसके बाद कभी भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी हो सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बदले सियासी समीकरण के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को भी अध्यक्ष पद के विकल्प के रुप में देखा जा रहा है। जयराम ठाकुर इससे पहले भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा डा. राजीव बिंदल को पार्टी एक मौका दे सकती है। इसके अलावा डा. राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, विपिन सिंह परमार, बिक्रम सिंह और सतपाल सिंह सत्ती भाजपा के अन्य विकल्प है। यदि भाजपा ने दिल्ली में सी.एम. के पद चयन की तरह प्रक्रिया अपनाई तो पार्टी किसी नए चेहरे या फिर पहली बार किसी महिला को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर सकती है। पार्टी हाईकमान की तरफ से अध्यक्ष पद चयन के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह एक बार शिमला का दौरा कर चुके हैं। यानी उनका दूसरा दौरे पर सीधे प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की जा सकती है या फिर सीधे दिल्ली से किसी एक नाम पर सीधे मुहर लग सकती है। अब तक प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया सभी 171 मंडलों और 17 संगठनात्मक जिला अध्यक्षों का चयन करके पूर्ण कर ली गई है। ऐसे में अब इंतजार नए प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी का है, जिसके बाद प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर पर भाजपा की नई टीम का चयन किया जाएगा।
जयराम-बिंदल ने रेखा गुप्ता के साथ उनकी टीम को दी बधाई
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह को बधाई दी है। दोनों नेताओं ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन के कारण आया है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। इससे भाजपा की यह नीति स्पष्ट हो गई है कि देश का संपूर्ण विकास बिना 50 फीसदी महिला आबादी के उत्थान के संभव नहीं है।