कांग्रेस सरकार भाजपा के नहीं अपने कारनामों से गिरेगी : जयराम

Spread the love

शिमला : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि यदि भविष्य में कांग्रेस सरकार गिरती है तो वह भाजपा के कारण नहीं बल्कि अपने कारनामों से गिरेगी। उन्होंने कहा कि पहले भी कांग्रेस सरकार पर जो संकट भाजपा के कारण नहीं, बल्कि अपने कारनामों से आया है। जयराम ठाकुर यहां एक कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्री बीज देने के खिलाफ है। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अपनी सरकारों को चादर के भीतर पांव पसारने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं, उसको करके दिखाते हैं। इसके विपरीत कांग्रेस की गारंटियां झूठी होती है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस में नैतिकता होती तो विद्युत सब्सिडी छोडऩे की सलाह देने की बजाए 300 यूनिट फ्री बिजली देने की अपनी गारंटी को पूरा करती। वर्तमान सरकार ने तो पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के समय दी गई 125 यूनिट फ्री बिजली का लाभ भी छीन दिया।
सरकार खुद गिरी तो भाजपा सहारा नहीं देंगे
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि भविष्य में कांग्रेस सरकार गिरती है, तो भाजपा उसको सहारा देने का काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की उम्मीदों के विपरीत काम करने वाली सरकार के खिलाफ भाजपा आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।
कांग्रेस के कई साथी हमारे संपर्क में
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस के कई साथी (विधायक) हमसे संपर्क में है। ऐसे में यदि कोई अपनी ईच्छा से भाजपा के साथ जुडऩा चाहता है, तो उसका स्वागत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जिस तरह से जनविरोधी निर्णय ले रही है, उससे नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शिमला को डिकंजैस्ट करने की आवश्यकता
जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला को अब डिकंजैस्ट करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिमला पर अब अधिक बोझ नहीं डाला जा सकता। हालांकि फोरलेन बनने से शहर पर यातायात का दबाव कम होगा। इसकेे अलावा शहर के भीतर सुरंग निर्माण करने की आवश्यकता है। शिमला में अंग्रेजी शासनकाल के बाद भाजपा ने ही ढली में पहली सुरंग का निर्माण किया है।