भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चयन का फीडबैक लेने के लिए नेताओं को आने लगे फोन

Spread the love

शिमला : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चयन का फीडबैक लेने के लिए पार्टी नेताओं को फोन आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसमें प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों से ऐसे विकल्प सुझाने को कहा जा रहा है, जो सभी नेताओं को साथ लेकर चलने के अलावा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की नैय्या को पार लगा सके। फीडबैक लेने का जिम्मा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा एवं सह-प्रभारी संजय टंडन को भी दिया गया है। ये तीनों नेता अपना फीडबैक प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह को देंगे। डा. जितेंद्र सिंह 17 जनवरी को अपने एक दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंच रहे हैं। वह इस दौरान संविधान गौरव अभियान के अंतर्गत होटल पीटरहॉफ में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के अलावा वह प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों से प्रदेश अध्यक्ष के लिए उपयुक्त नेता के विकल्प को लेकर मंत्रणा भी करेंगे। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्र्धाथन सहित अन्य नेता मौजूद हिस्सा लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में इस समय मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा सतपाल सिंह सत्ती, डा. सिकंदर कुमार, इंदु गोस्वामी, डा. राजीव भारद्वाज, विपिन सिंह परमार, बिक्रम ठाकुर, त्रिलोक जम्वाल, पवन काजल और त्रिलोक कपूर के नाम प्रमुख है।।
प्रदेश अध्यक्ष चयन से पहले 9 मंडल अध्यक्ष निर्वाचित
हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के चयन से पहले अब तक 171 में से 169 मंडल अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है। अब देहरा विधानसभा क्षेत्र में शेष बचे 2 मंडल अध्यक्षों के चयन में पेच फंसा है, जिसको सुलझाने का सिलसिला जारी है। प्रदेश चुनाव अधिकारी एवं सांसद डा. राजीव भारद्वाज ने बताया कि वीरवार को जिन 9 मंडल अध्यक्षों का चयन किया गया, उसमें सुजानपुर टीहरा से जसवंत सिंह, बमसन (टौणी देवी) से विक्रम राणा, हमीरपुर शहरी से पाल शर्मा, हमीरपुर ग्रामीण से जसवीर सिंह, धतवाल (बिझड़ी) से यशवीर पटयाल, दौलतपुर से अजय ठाकुर, गगरेट नितिन ठाकुर, कुटलैहड़ से राजेंद्र मलांगड़ और डेरा बाबा रुद्रानंद से राज कुमार वर्मा शामिल है।