अमित शाह ने वक्फ विधेयक पर चर्चा के दौरान किया संजौली मस्जिद का जिक्र

Spread the love

शिमला : संसद में वक्फ संशोधन विधेयक, 2025 पर चर्चा के दौरान शिमला के संजौली में बनी अवैध मस्जिद का जिक्र भी आया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान इसका विशेष तौर पर उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मस्जिद को वक्फ की संपत्ति बताकर इसका अवैध तौर पर निर्माण किया। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष संजौली में अवैध मस्जिद विवाद के कारण प्रदेश के कई स्थानों पर लोग मस्जिदों के अवैध निर्माण को लेकर सडक़ों पर उतर गए थे। इसके बाद अवैध तौर पर बनी मस्जिदों को गिराने की बात की गई थी। प्रदेश सरकार को भी उस समय सांप्रदायिक माहौल का सौहार्दपूर्ण तरीके से हल निकालने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलानी पड़ी थी। इसी मस्जिद विवाद से स्ट्रीट वैंडर्स पॉलिसी बनाने का निर्णय सरकार की तरफ से लिया गया था। इस मामले की गूंज विधानसभा के भीतर भी सुनने को मिली थी।
हिमाचल प्रदेश में विवाद का कारण अवैध मस्जिद निर्माण के अलावा गैर कानूनी तरीके से प्रदेश के बाहर से आने वाले लोगों का कारोबार करना रहा है। ऐसे में यह मांग उठी थी कि प्रदेश में बाहर से आने वाले लोगों की वैरिफिकेशन और पहचान करने के बाद उनको काम करने के लिए लाइसैंस दिया जाना चाहिए। यह समस्या शिमला की नहीं बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की है। हालांकि प्रदेश में समय-समय पर प्रवासियों के सत्यापन एवं पंजीकरण का काम किया गया है, लेकिन इसके बावूजूद कई स्थानों पर अवैध तौर पर रेहड़ी-फड़ी लगाकर प्रदेश के बाहर से आए लोग कारोबार करते हैं। ऐसे में प्रदेश में बाहर से आने वाले लोगों का सत्यापन और पुलिस वैरिफिकेशन के साथ कारोबार करने वालों के लिए वैंडिंग जोन को बनाया आवश्यक है।