भाजपा के स्टार प्रचारक 30 को करेंगे विजय संकल्प अभियान का आगाज : कश्यप

शिमला : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा है कि प्रदेश में 30 अक्तूबर को भाजपा के स्टार प्रचारक विजय संकल्प अभियान का आगाज करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दिन सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा चुनावी शंखनाद करेगी। उन्होंने कहा कि इस दिन 32 स्टार प्रचारक प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेगें। सुरेश कश्यप यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के समक्ष अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जा रही है तथा डबल इंजन की सरकार की तरफ से करवाए गए कार्यों से लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल प्रदेश को एम्स जैसा संस्थान और अटल सुरंग रोहतांग का तोहफा दिया। इसके अलावा बल्क ड्रग पार्क, मैडीकल डिवाइस पार्क और श्री रेणुका जी बांध जैसे प्रोजैक्ट दिए हैं। हिमाचल प्रदेश में वंदे भारत एक्सप्रैस ट्रेन का चलना अभूतपूर्व उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आयुष्मान भारत योजना और हिमकेयर जैसी योजनाएं लेकर आई है, जिससे 5 लाख रुपए तक का मुफ्त ईलाज संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि चारों राज्यों में रिवाज बदलने की प्रथा शुरू हो चुकी है, अब हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज बदलने वाला है।