September 20, 2024

भाजपा कोर ग्रुप बैठक में भाग लेने कल शिमला आएंगे अनुराग ठाकुर

Spread the love

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेने के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर मंगलवार को शिमला पहुंच रहे हैं। उनका सुबह करीब 11 बजे शिमला पहुंचने की संभावना है तथा दोपहर 2 बजे यहां पर कोर ग्रुप बैठक में भाग लेने के बाद सायं 6 बजे वापस दिल्ली लौट जाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा डैमेज कंट्रोल के लिए सभी नेताओं को एकमंच पर ला रही है, ताकि सत्ता में वापसी को सुनिश्चित किया जा सके। ऐसे में 2 निर्दलीय विधायकों प्रकाश राणा व होशयार सिंह के भाजपा में शामिल होने से उत्पन्न स्थिति को लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है। पार्टी का एक वर्ग इस समय इन 2 निर्दलीय विधायकों को भाजपा में शामिल करने से खुश नहीं है। इसके अलावा भविष्य में बागियों की पार्टी में वापसी करने को लेकर कोई रोड मैप तैयार किया जा सकता है। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, सतपाल सत्ती, स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल, प्रदेश महामंत्री राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल और त्रिलोक कपूर के भाग लेने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *