September 21, 2024

सौदान के बाद टंडन पहुंचे कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने

Spread the love

शिमला : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह के बाद कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने के लिए प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन शिमला पहुंचे हैं। इन दोनों नेताओं ने शिमला में अलग-अलग स्तर पर संगठनात्मक बैठकें की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौंदान सिंह ने सांगटी में संगठनात्मक जिला शिमला की बैठक के अलावा शिमला, कसुम्पटी और शिमला ग्रामीण मंडलों की अलग-अलग बैठकें भी ली। उन्होंने पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ हमारी ताकत है तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत सत्ता में वापसी करेगी। प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष से हुए संवाद से कार्यकर्ताओं को बल मिला है। जिलाध्यक्ष रवि मेहता ने कहा कि संगठन की तरह की गतिविधियों से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राजेश शारदा, दिनेश ठाकुर व जितेंद्र भोटका के अलावा संसदीय क्षेत्र सह-प्रभारी एवं जिला प्रभारी ने भी बैठक में भाग लिया। उधर, प्रदेश भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन ने भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में सोशल मीडिया एवं आई.टी. विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने 7,000 से अधिक बूथों पर व्हाट्स एप ग्रुप बनाए हैं। इसी तरह पार्टी ने 7 लाख लोगों का डाटा बेस बनाया है जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी के कामकाज में सुधार के लिए विश्लेषण किया जाएगा, जिसमें आम जनता के दृष्टिकोण को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी लुक एंड फील एनालिसिस पर भी काम कर रहे है, जो सोशल मीडिया को बेहतर आउटलुक देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) के खिलाफ विरोध करने की बजाए जांच में सहयोग करना चाहिए। प्रदेश भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि प्रदेश का 1 पदाधिकारी मंडल स्तर पर और जिले के पदाधिकारी बूथ स्तर पर बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रगति को देखने के लिए प्रत्येक सप्ताह वर्चुअल बैठक होगी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य के अलावा सोशल मीडिया प्रमुख पुनीत शर्मा और आई.टी. प्रमुख अनिल डडवाल ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *