हिमाचल में 9 स्थानों पर होगी धान की खरीद

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 9 स्थानों पर धान की खरीद होगी। इसको लेकर ए.पी.एम.सी. ने मार्केट यार्ड खोलने को लेकर निर्देश जारी किए हैं। राज्य में जिन स्थानों पर मार्केट यार्ड खुलेंगे, उसमें पांवटा साहिब, नालागढ़, टकराला, रियाली, फतेहपुर, इंदौरा, हरिपुर-टोहाना, क्यारदा और कालाअंब (एफ.सी.आई. गोडाउन) शामिल है। उल्लेखनीय है कि इस बार भारतीय खाद्य निगम (एफ.सी.आई.) की तरफ से इस बार रिकार्ड 13 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेंहू की खरीद की गई है। गेंहू की यह खरीद पिछले वर्ष की तुलना में 417 फीसदी अधिक है। इस साल गेंहू की खरीद के लिए 8 केंद्रों पांवटा साहिब, कालाअंब, नालागढ़, टकराला, हरोली, फतेहपुर, ठाकुरद्वारा और घुमारवीं की गई थी। राज्य में वर्ष, 2019-20 से गेंहू की खरीद का कार्य पांवटा साहिब में केंद्र खोलकर शुरू किया था। उस वर्ष वहां पर 878.75 मीट्रिक टन गेंहू को खरीदा गया। इसके बाद वर्ष, 2020-21 में 4 स्थानों पांवटा साहिब, कालाअंब, हरोली और टकराला में 3128.50 मीट्रिक टन गेंहू को खरीदा गया। अब राज्य में धान की खरीद के लिए 9 स्थान चिन्हित किए गए हैं। यानि राज्य में अब गेंहू के बाद धान की खरीद होगी, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है।