पहलगाम घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा में फिर चूक नहीं होनी चाहिए : पाटिल

Spread the love

शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा में फिर से चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देशानुसार इस समय पूरी कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के हर निर्णय के साथ खड़ी है। रजनी पाटिल शिमला के रिज मैदान पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में जिला स्तर पर कैंडल मार्च निकालकर आतंकी हमले का शिकार हुए लोगों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रही है। नाज से रिज मैदान तक निकाले गए कैंडल मार्च में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया, कांग्रेस कार्यकर्ता और आम आदमी शामिल थे। कैंडल मार्च रिज मैदान पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संपन्न हुआ। इस दौरान पाकिस्तान विरोधी नारेबाजी भी की गई।
देश की एकता एवं अखंडता के लिए केंद्र सरकार के साथ खड़ी है कांग्रेस : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कैंडल मार्च के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि देश की एकता एवं अखंडता के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। देश एकजुटता के साथ राष्ट्र विरोधी ताकतों को जवाब देगा तथा कश्मीर की शांति को अस्थिर करने के प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2 प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का देश के लिए बलिदान दिया है। ठीक इसी तरह से पहलगाम पहुंचे सैलानियों ने देश के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद कांग्रेस ने 26 अप्रैल को प्रस्तावित अपनी संविधान बचाओ रैली को स्थगित कर दिया है।