हिमाचल दिवस पर पांगी की महिलाओं को देंगे 1,500 रुपए की सौगात

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के बजट में कोई कमी नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बजट राशि उपलब्ध करवाई जा रही है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह बात पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति में तेलंगाना सरकार के सहयोग से स्थापित होने वाले 400 मैगावाट के सेली और 120 मैगावाट के मियार पॉवर प्रोजैक्टों से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के संसाधनों की लूट नहीं होने देगी। इसी कारण अब प्रदेश में 12, 18, 30 और 40 वर्ष के फार्मूले पर पॉवर प्रोजैक्ट की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति में लगने वाले पॉवर प्रोजैक्टों से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तौर पर 5,000 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही इन दोनों प्रोजैक्टों की लागत का 1.5 फीसदी स्थानीय क्षेत्र विकास निधि तथा लागत का 1 फीसदी इस क्षेत्र को निशुल्क विद्युत प्रदान करने पर व्यय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह काजा के बाद दूसरी बार जनजातीय क्षेत्र पांगी में हिमाचल दिवस समारोह में शामिल हो रहे हैं। इस दौरान पांगी की महिलाओं को मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1,500 रुपए की सौगात देंगे। यह राशि अप्रैल, मई और जून की एक साथ दी जाएगी। यानी पांगी की महिलाओं के खाते में एक साथ 3 माह की राशि के रुप में 4,500 रुपए डाले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बजट में इस बार 18 से 59 वर्ष की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए की राशि चरणबद्ध तरीके से देने की घोषणा की है। इसी कड़ी के तहत वह पांगी की महिलाओं को एक साथ 3 माह की राशि हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदान करने वाले है।