September 19, 2024

हिमाचल विधानसभा में शून्यकाल शुरू करने ऐतिहासिक निर्णय

Spread the love

शिमला : हिमाचल विधानसभा में बुधवार से शून्यकाल की शुरुआत होगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन में यह जानकारी दी। विधानसभा अध्यक्ष की तरफ से 14वीं विधानसभा में लिया गया यह ऐतिहासिक निर्णय होगा। शून्यकाल की व्यवस्था विधानसभा में प्रश्नकाल के तुरंत बाद दोपहर 12 बजे से होगी। यानी दोपहर 12 बजे से 12.30 बजे तक 30 मिनट तक शून्यकाल चलेगा, जिसमें सदस्य तात्कालिक महत्व के मुद्दों को उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि कई सदस्यों ने उनसे मुलाकात के दौरान नियम-62 के अतिरिक्त अन्य नियमों में अपने मुद्दों को कार्यसूची में शामिल करने का आग्रह किया। इसके अलावा कई सदस्य प्वाइंट ऑफ आॉर्डर के तहत अपना पक्ष रखने के लिए हाथ उठाते हैं। इसको देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान सदस्य अपने मुद्दों को संक्षेप में उठा सकेंगे। इसके लिए उन्हें केवल 1 मिनट या इससे कुछ अधिक समय दिया जाएगा, जिसके बाद सरकार की तरफ से संबंधित मुख्यमंत्री या उनके मंत्रिमंडल सहयोगी विषय के अनुसार अपना पक्ष रखेंगे।
शून्यकाल शुरू करने के लिए 1 दशक से चल रही है चर्चा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शून्यकाल शुरू करने को लेकर करीब 1 दशक से चर्चा चल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के समय विधानसभा अध्यक्ष रहे बृज बिहारी लाल बुटेल के समय से यह मांग लगातार उठ रही है, जिसको 14वीं विधानसभा में अमलीजामा पहनाया जा सका है। यानी संसद की तरह अब हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शून्यकाल की शुरुआत हो जाएगी।