बसों में भिंडरावाले के पोस्टर लगाने को लेकर पंजाब के सी.एम. से बात होगी : सुक्खू

Spread the love

शिमला : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि एच.आर.टी.सी. बसों को पंजाब में रोककर उसमें भिंडरेवाला के पोस्टर लगाने के संदर्भ में वहां के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में एफ.आई.आर. भी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने यह बात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की तरफ से उठाए मामले के उत्तर में दी। उन्होंने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोलीबारी किए जाने की घटना के संदर्भ में वक्तव्य देते हुए कहा कि इस मामले में 3 आरोपियों वाहन चालक रितेश शर्मा, रोहित कुमार राणा और मंजीत सिंह नड्डा को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को 19 मार्च तक 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। अब तक की जांच के दौरान यह पाया गया कि दोनों आरोपी मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल है, जो लगातार गोलीबारी की घटना की निगरानी और समन्वय कर रहे थे। गोलीबारी की घटना में कुल 4 शूटर शामिल थे। इस घटना में हरियाणा के रोहतक के 2 शूटरों अमन और सागर की पहचान हो चुकी है। इनके बिलासपुर ठहरने के स्थान की भी पहचान की जा चुकी है तथा इनकी धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर पड़ोसी जिलों व राज्यों को भेजी गई है। हरियाणा के उपरोक्त दोनों आरोपियों की सी.सी.टी.वी. फुटेज की तस्वीरें पड़ौसी जिलों व राज्यों को भेजी गई हैं। इसमें हरियाणा पुलिस की भी सहायता ली जा रही है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय मुख्यालय की तरफ से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ज्ञानेश्वर सिंह, एवं डी.आई.जी. मंडी सौम्या सम्वासिवन मंडी की अध्यक्षता में एक विशेष अन्वेषण दल (एस.आई.टी.) का गठन किया गया है। इस संदर्भ में विशाल चंदेल की शिकायत पर पुलिस थाना सदर जिला बिलासपुर में मामला दर्ज किया गया है। गोलीबारी की इस घटना में घायल पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का आई.जी.एम.सी. शिमला और उनके पी.एस.ओ. आरक्षी संजीव कुमार एम्स बिलासपुर में ईलाज चल रहा है। उन्होंने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के बारे में भी सदन को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि सरकार बंबर ठाकुर से आग्रह करेगी कि वह मामले की जांच के दौरान बयानबाजी करने से गुरेज करे।